Raipur Bar Fight: रायपुर के आश्रम तिराहे स्थित जिओन बार में छत्तीसगढ़ी गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि ग्राहक और बार कर्मचारियों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे योगेश चिचोलकर (32) अपने साथी तरुण दास और घनश्याम के साथ बार में शराब पीने पहुंचा था। शिकायत में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ी गाना नहीं बजाने की बात को लेकर वहां विवाद शुरू हुआ।
ग्राहक पक्ष का आरोप है कि बार कर्मचारी दीपक मिश्रा, बबलू सिंह और उनके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। इस दौरान हाथ-मुक्कों और बैट-बल्ले से हमला करने का आरोप लगाया गया है। योगेश ने चेहरे, गर्दन, पीठ और पैर में चोट लगने की बात कही है। वहीं उसके साथियों को भी चोट आने का दावा किया गया है।
वेटर ने ग्राहकों पर लगाया मारपीट का आरोप
वहीं बार के वेटर दीपक मिश्रा (20) ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दीपक का आरोप है कि योगेश और उसके साथी छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की मांग कर रहे थे। मना करने पर उन्होंने विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगे।
दीपक के मुताबिक, विरोध करने पर ग्राहकों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में उसके चेहरे पर चोट आई है। शिकायत के अनुसार, बार मैनेजर उदय सिंह और अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया।
दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
आजाद चौक थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक ग्राहक पक्ष की शिकायत पर 26 अक्टूबर को रात 2:41 बजे और बार कर्मचारी की शिकायत पर रात 3:13 बजे एफआईआर दर्ज की गई। मामले की जांच जारी है।

