Bank KYC Update: रायपुर। बैंक खाताधारकों के लिए जरूरी खबर है। जिन लोगों ने लंबे समय से अपने बैंक खाते की केवाईसी नहीं कराई है या खातों में कोई लेनदेन नहीं हुआ है, उनके खाते फ्रीज किए जा सकते हैं। बैंकों ने ग्राहकों को 30 अक्टूबर तक केवाईसी अपडेट कराने की अपील की है।
बैंक अधिकारियों के अनुसार, तय समय सीमा तक केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले खातों में लेनदेन की सुविधा बंद हो सकती है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा समेत कई बैंकों ने अपनी शाखाओं में सूचना जारी कर ग्राहकों को समय पर सत्यापन कराने के लिए कहा है।
रायपुर में करीब 1 लाख खाते हो सकते हैं प्रभावित
बैंकों की जानकारी के मुताबिक, राजधानी रायपुर की विभिन्न शाखाओं में बड़ी संख्या में ऐसे खाते हैं, जिनमें एक से पांच साल तक कोई सक्रिय लेनदेन नहीं हुआ है। ऐसे खाताधारकों को पहचान संबंधी जानकारी अपडेट कराने के लिए संदेश भेजे जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, रायपुर में करीब 1 लाख खाते केवाईसी पूरी नहीं होने की स्थिति में प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि बैंक अधिकारियों का कहना है कि खाता फ्रीज होने के बाद भी ग्राहक आधार कार्ड, पैन कार्ड की फोटो कॉपी और पासपोर्ट फोटो जमा कराकर दोबारा खाता चालू करा सकते हैं। दस्तावेज जमा करने के बाद 24 घंटे के भीतर खाता फिर से शुरू किया जा सकता है।
इन खातों के लिए केवाईसी जरूरी
- नए बचत खाते, चालू खाते, एफडी और डीमैट खाता खुलवाने वाले ग्राहक।
- पुराने खाताधारक जिन्हें केवाईसी अपडेट या दोबारा सत्यापन की जरूरत है।
- जिनके आधार कार्ड में नाम या पता बदल गया है।
- लंबे समय से इस्तेमाल नहीं किए गए निष्क्रिय खातों के लिए।
- अधिक जोखिम वाले ग्राहकों के खातों में समय-समय पर केवाईसी अपडेट जरूरी हो सकती है।
बैंक लगातार ग्राहकों से अपील कर रहे हैं कि वे समय रहते अपनी केवाईसी पूरी करा लें, ताकि खाते से लेनदेन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
