CG News: कोरबा जिले के बालको प्लांट में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। दो युवकों ने करीब 49 किलो तांबे का तार अपने शरीर पर लपेटकर प्लांट से बाहर निकालने की कोशिश की। आरोपियों ने ऊपर से जैकेट पहनकर तार छिपा लिया था, लेकिन सुरक्षा गार्डों की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
शरीर पर लपेटा तांबे का तार
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पहले तांबे के केबल से प्लास्टिक की परत हटाई और तार को अलग-अलग कर कमर से लेकर छाती तक अपने शरीर पर लपेट लिया। इसके बाद उन्होंने कपड़े और जैकेट पहनकर तार को छिपा लिया, ताकि सुरक्षा जांच के दौरान किसी को संदेह न हो।
शिफ्ट बदलने के समय भागने की थी तैयारी
बताया जा रहा है कि दोनों युवक रात में कर्मचारियों की शिफ्ट बदलने के दौरान प्रोजेक्ट गेट से बाहर निकलने की फिराक में थे। इसी दौरान उनकी संदिग्ध गतिविधियों और असामान्य चाल-ढाल पर सुरक्षा गार्डों की नजर पड़ गई। तलाशी लेने पर उनके शरीर से तांबे का तार बरामद हुआ। पूरी घटना प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई है।
49 किलो से अधिक तांबे का तार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से 49.280 किलोग्राम तांबे का तार बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 49,280 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल किए गए कटर और हैक्सॉ ब्लेड भी जब्त किए गए हैं।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
बालकोनगर पुलिस ने मामले में भीम मल्लाह (23) निवासी पथरी पारा और नरेश कुमार कंवर (21) निवासी भटगांव ऊपरपारा को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


