CG Murder: दामाद ने 5 लाख देकर कराया ससुर का मर्डर, झारखंड से बुलाए शूटर; घर में घुसकर गोदा चाकू

CG Murder: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। एलआईसी एजेंट बशीरुद्दीन (64) की हत्या की साजिश उसके ही दामाद ने रची थी। पुलिस के अनुसार, दामाद ने 5 लाख रुपए में सुपारी देकर झारखंड से शूटर बुलवाए थे। हमलावरों ने घर में घुसकर चाकू से हमला कर बशीरुद्दीन की हत्या कर दी।

CG Murder: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। एलआईसी एजेंट बशीरुद्दीन (64) की हत्या की साजिश उसके ही दामाद ने रची थी। पुलिस के अनुसार, दामाद ने 5 लाख रुपए में सुपारी देकर झारखंड से शूटर बुलवाए थे। हमलावरों ने घर में घुसकर चाकू से हमला कर बशीरुद्दीन की हत्या कर दी।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर इलाके की है। पुलिस ने इस मामले में दामाद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। उसकी तलाश जारी है।

घर में घुसकर किया चाकू से हमला

जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर की सुबह रसूलपुर निवासी बशीरुद्दीन अपने घर पर थे। इसी दौरान तीन हमलावर घर में घुस गए और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान बशीरुद्दीन ने बचने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों के शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल बशीरुद्दीन को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की बेटी ने पति पर लगाया आरोप

मृतक की बेटी सादिया ने बताया कि उसके पति मो. नाजिम शबा के साथ तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि पहले भी पति ने केस वापस नहीं लेने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। अब उसने पिता की हत्या करवा दी।

दामाद ने 5 लाख देकर कराया ससुर का मर्डर

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दामाद मो. नाजिम शबा ने अपने ससुर की हत्या के लिए झारखंड के शूटर से 5 लाख रुपए में सौदा तय किया था। इसके बाद उसने झारखंड से आरोपियों को अंबिकापुर बुलाया।

किराए के कमरे में बनाई हत्या की योजना

पुलिस के मुताबिक, झारखंड के चौनपुर पलामू निवासी कंचन कुमार और अन्य आरोपी को अंबिकापुर बुलाकर अजिरमा स्थित किराए के कमरे में ठहराया गया था। वहीं बैठकर हत्या की पूरी योजना बनाई गई। इसके बाद आरोपी बाइक से रसूलपुर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया।

3 आरोपी गिरफ्तार

  • मो. नाजिम शबा (30), निवासी तकिया, दामाद
  • कंचन कुमार (28), निवासी झारखंड, शूटर
  • नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू (32), निवासी तकिया, सहयोगी

3साल पहले हुई थी शादी

मृतक की बेटी सादिया शारीन सिद्दीकी ने बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले मो. नाजिम शबा से हुई थी। शादी के बाद विवाद के चलते दोनों अलग रहने लगे थे। सोने-चांदी के सामान को लेकर भी दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। इसी वजह से तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *