Bhilai News: दुर्ग जिले के भिलाई के सुपेला घड़ी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी हो गई। इस दौरान जलते हुए पुतले की चपेट में आने से सुपेला थाने में पदस्थ आरक्षक की दाहिनी भुजा झुलस गई। घायल आरक्षक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद आरक्षक की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने पुतला दहन में शामिल अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
UPI पर टैक्स के विरोध में किया था प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुपेला घड़ी चौक पर धरना-प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया था। यह प्रदर्शन यूपीआई पर टैक्स लागू करने के विरोध में किया गया था।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुपेला थाना और दुर्ग रक्षित केंद्र से पुलिस बल तैनात किया गया था।
पुतला बुझाने के दौरान हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी जलते हुए पुतले को बुझाने और आग को फैलने से रोकने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
आरक्षक की शिकायत के मुताबिक, कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ झूमाझटकी की। इसी दौरान जलते पुतले की आग आरक्षक के दाहिने हाथ की भुजा तक पहुंच गई, जिससे वह घायल हो गया।
सिविल कपड़ों में ड्यूटी पर था आरक्षक
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान निगरानी के लिए सुपेला थाने के आरक्षक की ड्यूटी सिविल कपड़ों में लगाई गई थी। आरक्षक ने शिकायत में बताया कि शाम करीब 6:45 बजे 30 से 40 कार्यकर्ता पुतला दहन कर रहे थे।
घटना के बाद पुलिस ने घायल आरक्षक को अस्पताल पहुंचाया। वहीं शिकायत के आधार पर अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस के काम में बाधा डालने और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
वीडियो फुटेज से आरोपियों की पहचान
सुपेला थाना पुलिस अब मौके पर मौजूद वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना में शामिल लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।




