बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध रतनपुर स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर में दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु के पर्स से नकदी चोरी हो गई। चोरी की यह वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के पोड़ीबहार निवासी रेखा सिंह पूजा के लिए मंदिर पहुंची थीं। इसी दौरान एक अज्ञात महिला श्रद्धालु के वेश में मंदिर में दाखिल होती है और मौका पाकर रेखा सिंह के पर्स से नकदी चुरा लेती है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी महिला पहले भगवान के दर्शन करती है, फिर पर्स से पैसे निकालकर चुपचाप उसे वापस रख देती है और मंदिर से निकल जाती है।
घटना के बाद रेखा सिंह ने रतनपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है। मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ होने के कारण यह वारदात आसानी से अंजाम दी गई।
