रायपुर : छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने ‘बिजली न्याय आंदोलन’ की शुरुआत कर दी है। गुरुवार को राजधानी रायपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी में पूर्व महापौर एजाज ढेबर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर विरोध जताया और चेतावनी दी कि जब तक बिजली दरों में राहत नहीं मिलेगी, आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में थी बिजली बिल हाफ
एजाज ढेबर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आमजन को राहत देने के लिए घरेलू बिजली बिल हाफ योजना लागू की गई थी, जिससे जनता को वास्तविक फायदा मिला था। लेकिन भाजपा सरकार ने इस योजना को बंद कर जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है।
उरला में बिजली दफ्तर का घेराव
बीरगांव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने उरला बिजली दफ्तर का घेराव किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व प्रदेश कांग्रेस महामंत्री पंकज शर्मा ने कहा, “मंहगाई के बोझ तले दब चुकी जनता पर बिजली बिल में बढ़ोतरी ने और मार डाली है। सरकार को जल्द फैसला लेना चाहिए।”
इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष योगेन्द्र सोलंकी और महापौर नंदलाल देवांगन भी मौजूद थे।
