Surajpur Murder: 14 नाबालिग की हत्या; चचेरा भाई ही निकला कातिल, पुलिस ने किया खुलासा

Surajpur Murder

Surajpur Murder: सूरजपुर जिले में 14 वर्षीय नाबालिग की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। इस सनसनीखेज वारदात में मृतक का चचेरा भाई ही उसका हत्यारा निकला। जमीन विवाद में आरोपी ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया।

रहस्यमयी फोन कॉल से हुआ खुलासा

11 फरवरी की शाम महोरा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब मृतक लालसाय के मामा मंगलसाय के मोबाइल पर एक अज्ञात कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि लालसाय की हत्या कर दी गई है और उसका शव गहुआ भादा जंगल में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण जंगल पहुंचे, लेकिन अंधेरा होने के कारण कुछ पता नहीं चल सका।

अगले दिन जंगल में मिला शव

12 फरवरी की सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई। इस दौरान गहुआ भादा जंगल से पुल भादा की ओर जाने वाली पगडंडी के किनारे लालसाय का शव मिला। उसके गले पर गहरे जख्म के निशान थे, जिससे साफ हो गया कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है।

जमीन विवाद पर टिकी पुलिस की जांच

परिजनों से पूछताछ में पता चला कि परिवार में लंबे समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच तेज की। शक की सुई देवसाय पण्डो उर्फ देवान पर गई, जो मृतक का चचेरा भाई था।

पूछताछ में कबूला जुर्म

हिरासत में लेने के बाद पूछताछ में देवसाय ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि 11 फरवरी को वह लालसाय को बहाने से पुल भादा जंगल ले गया था। वहां दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में उसने टांगी से लालसाय के गले पर वार कर दिया। घायल होने के बाद लालसाय भागा, लेकिन गहुआ भादा की ओर जाकर गिर पड़ा। आरोपी ने पीछा कर दोबारा वार कर उसकी हत्या कर दी।

गुमराह करने की रची साजिश

हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के मोबाइल से उसके मामा को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद मोबाइल तोड़कर उसकी बैटरी और सिम कार्ड झाड़ियों में फेंक दिए। शक से बचने के लिए वह अगले दिन ग्रामीणों के साथ तलाश में भी शामिल हुआ।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का कीपैड मोबाइल, टूटा हुआ सिम कार्ड, बैटरी और हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *