Janjgir Champa Suicide: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. इकलौते बेटे की मौत के सदमे में माता-पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सोमवार को घर के पास पेड़ पर दोनों के शव फंदे से लटके मिले. मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई गांव का है.

सड़क हादसे में बेटे की हुई थी मौत
मृतकों की पहचान रमाबाई पटेल (47) और कृष्णा पटेल (48) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही दंपति के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई थी. बेटे की असमय मृत्यु से दोनों गहरे सदमे में थे.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मानसिक आघात के चलते दंपति ने यह आत्मघाती कदम उठाया. सोमवार सुबह दोनों के शव पेड़ पर फंदे से लटके मिलने की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
