Korba Murder: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डामौकुंडा में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। जहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और वारदात के बाद शराब पीकर उसी कमरे में शव के साथ सो गया। बांगो थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। (कोरबा में पत्नी की हत्या कर लाश के साथ सोया पति)

मामले का खुलासा तब हुआ, जब मृतिका के बेटे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि घर में केवल उसके माता-पिता रहते थे। घटना वाले दिन उसके पिता कल्लू उर्फ कल्याण सिंह ने फोन कर कहा कि उसकी मां उठ नहीं रही है और उसे तुरंत घर आने को कहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। (कोरबा पति ने पत्नी की हत्या)
प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगने पर एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी भेजा गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत सामान्य न होकर हत्या होना सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। (Korba Husband Killed Wife)

जांच के दौरान मृतिका हिरोंडिया मरावी (41 वर्ष) के पति कल्याण सिंह (42 वर्ष) पर संदेह गहराया, क्योंकि घटना की जानकारी उसी ने दी थी और घटना के समय घर में केवल पति-पत्नी ही मौजूद थे। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह पिछले 2-3 दिनों से अपनी खराब मोटरसाइकिल बनवाने के लिए पत्नी से पैसे मांग रहा था। पत्नी ने शराब पीने की आदत के चलते पैसे देने से इनकार कर दिया। 07 फरवरी 2026 को भी पैसे न मिलने पर गुस्से में उसने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को सामान्य दिखाने के लिए उसने शव को सोई हुई अवस्था में लिटा दिया और खुद शराब पीकर कमरे में बेसुध पड़ा रहा, ताकि किसी को शक न हो।
मृतिका और आरोपी के दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटे अविवाहित हैं और कटघोरा स्थित बर्फ फैक्ट्री में काम करते हैं। घर में पति-पत्नी ही रहते थे। बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
