CGPSC 2025: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC Interview) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 की भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण को फिलहाल स्थगित कर दिया है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं होंगे। आयोग ने स्थगन का कारण नहीं बताया है। नई तारीख बाद में जारी की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य के 20 विभागों में 265 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। मुख्य परीक्षा के परिणाम के आधार पर 608 अभ्यर्थियों का चयन इंटरव्यू के लिए किया गया था। तय कार्यक्रम के अनुसार 20 सितंबर से दस्तावेज सत्यापन शुरू होना था, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से इंटरव्यू आयोजित किए जाने थे। (CGPSC 2025 का इंटरव्यू स्थगित)
देखें वीडियो- https://www.facebook.com/share/v/1AovGFjfKC/
रिजल्ट के बाद उठे सवाल
मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए थे। 265 पदों के लिए 608 अभ्यर्थियों के चयन पर कांग्रेस ने आपत्ति जताते हुए प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। पार्टी ने इंटरव्यू स्थगित कर पूरी प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग की थी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि 265 पदों के लिए सामान्य 1:3 अनुपात के अनुसार 795 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाना चाहिए था, जबकि केवल 608 उम्मीदवारों का चयन किया गया। उन्होंने आयोग से इस संबंध में स्पष्टीकरण देने की मांग की थी।
आयोग ने बताई ये वजह
आयोग ने पहले ही स्पष्ट किया था कि अभ्यर्थियों की संख्या कम होने के पीछे कोई तकनीकी या मानवीय त्रुटि नहीं है। आयोग के अनुसार कई अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के प्रत्येक प्रश्नपत्र में निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल नहीं कर सके। इसी कारण तय अनुपात के अनुसार इंटरव्यू के लिए पर्याप्त अभ्यर्थियों का चयन नहीं हो पाया।
नई तारीख का इंतजार
इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन स्थगित होने के बाद अब 608 अभ्यर्थियों को आयोग की नई अधिसूचना का इंतजार है। CGPSC ने कहा है कि संशोधित कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा।

