CG News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में चोरी के मामले में ग्रामीणों ने आरोपियों को अनोखी सजा दी। मैनपुर ब्लॉक के ओडिशा बॉर्डर से लगे झोलाराव गांव में दो युवकों पर किसान के घर से खाद की बोरी चोरी करने का आरोप लगा। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर खाद की बोरी कंधे पर लादवाई और पूरे गांव में ढोल-नगाड़े के साथ जुलूस निकाला।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के प्रभु और कृष्णा नाम के दो युवकों ने मंगलवार रात एक किसान के घर से खाद की दो बोरियां चोरी कर ली थीं। चोरी की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। उनके पास से चोरी की गई खाद की बोरियां भी बरामद कर ली गईं।
कंधे पर बोरी लादकर निकाला जुलूस
ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई का इंतजार करने के बजाय दोनों युवकों को सार्वजनिक रूप से सबक सिखाने का फैसला किया। दोनों के कंधों पर वही खाद की बोरियां रखवाई गईं और कमर में रस्सी बांधकर गांव में जुलूस निकाला गया।
इस दौरान ढोल-नगाड़े बजाए गए और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुलूस में शामिल हुए। जुलूस देखने के लिए गांव की महिलाएं और बच्चे भी घरों से बाहर निकल आए।
घटना को लेकर गौरगांव के सरपंच ने बताया कि उन्हें वॉट्सएप ग्रुप पर कुछ फोटो और वीडियो मिले हैं, जिसमें ग्रामीण जुलूस निकालते नजर आ रहे हैं। हालांकि, उन्होंने घटना की आधिकारिक जानकारी होने से इनकार किया है।
ग्रामीणों की कार्रवाई का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

