Raipur Murder: राजधानी रायपुर से सटे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जुगेसर में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात आरोपी ने सीमेंट के पोल से सिर पर वार कर 26 वर्षीय महिला की जान ले ली। सुबह खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान जुगेसर निवासी बसंती निषाद (26) के रूप में हुई है। सुबह ग्रामीणों की नजर खून से लथपथ शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।![]()
दो टुकड़ों में मिला सीमेंट पोल
पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया तो घटनास्थल पर खून से सना सीमेंट पोल दो टुकड़ों में मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने इसी पोल से महिला के सिर पर कई वार कर हत्या की और मौके से फरार हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
