Bilaspur Fraud: न्यायधानी बिलासपुर के बिल्हा इलाके में अंधविश्वास और लालच के सहारे ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। तंत्र-मंत्र और ‘कुबेर का खजाना’ दिलाने का दावा करने वाले एक शातिर गिरोह ने लोगों को ढाई लाख रुपये के बदले ढाई करोड़ रुपये देने का झांसा देकर उनकी गाढ़ी कमाई ठग ली। बिल्हा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के दो पुरुष और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह का मास्टरमाइंड विजय राज था, जो लोगों को अपनी कथित दैवीय शक्तियों और तंत्र-मंत्र से नोटों की बारिश कराने का दावा करता था। आरोपी पीड़ितों को विश्वास में लेकर बिल्हा के एक सुनसान स्थान पर बुलाते, जहां धूप-दीप और तंत्र-मंत्र का दिखावा कर चमत्कार का नाटक किया जाता था। इस दौरान पीड़ितों से ढाई लाख रुपये ‘आहुति’ के रूप में लिए जाते थे और जल्द ही ढाई करोड़ रुपये मिलने का भरोसा दिलाया जाता था।

जांच में सामने आया है कि गिरोह में शामिल महिलाएं पीड़ितों को भावनात्मक रूप से विश्वास में लेने का काम करती थीं। रुपये हाथ लगते ही आरोपी समय मांगकर मौके से फरार हो जाते थे। जब पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ, तब उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही बिल्हा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ASP ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि यह गिरोह केवल बिल्हा ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों में भी सक्रिय था और कई लोगों को ठग चुका है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मेहनत की कमाई को दोगुना-तिगुना करने या चमत्कार के नाम पर पैसे दिलाने का दावा करने वाले किसी भी पाखंडी के झांसे में न आएं और ऐसे मामलों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
