Raipur News: छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल के लगातार प्रयासों से केंद्र सरकार ने कुम्हारी टोल प्लाजा (Kumhari Toll Plaza) को जून 2026 से पूरी तरह से बंद करने की स्वीकृति दे दी है। इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने स्वयं पत्र लिखकर सांसद अग्रवाल को जानकारी दी है। (Kumhari Toll Tax Closed)
प्रधानमंत्री मोदी और गडकरी का जताया आभार
सांसद बृजमोहन अग्रवाल (Brijmohan Agrawal) ने इस महत्वपूर्ण निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय छत्तीसगढ़वासियों के लिए समय, ईंधन और धन तीनों की बचत करेगा। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को इससे सीधा लाभ मिलेगा और यह ‘Ease of Living’ के दृष्टिकोण को साकार करने वाला कदम है।

92 किमी लंबा बाईपास जून 2026 तक होगा तैयार (Raipur Durg Bypass)
उन्होंने बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत 92 किलोमीटर लंबे औरंगा-रायपुर-दुर्ग बाईपास का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसके जून 2026 तक पूर्ण हो जाने की संभावना है। बाईपास बनते ही कुम्हारी टोल प्लाजा की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी और इसे स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा।
यह 6-लेन एक्सेस-नियंत्रित राजमार्ग दुर्ग, रायपुर और आरंग को जोड़ेगा, जिससे यात्रा और यातायात दोनों ही सुगम होंगे। इससे शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।

फास्टैग यूजर्स के लिए 15 अगस्त 2025 से वार्षिक पास (Fastag Annual Pass)
केंद्र सरकार द्वारा 15 अगस्त 2025 से फास्टैग उपयोगकर्ताओं के लिए एक नई वार्षिक पास योजना लागू की जा रही है। इसके अंतर्गत केवल 3,000 रुपये में 200 यात्राएं (या एक वर्ष तक) की जा सकेंगी। यह योजना कार, जीप और वैन जैसे निजी गैर-व्यावसायिक वाहनों पर लागू होगी। प्रति यात्रा खर्च मात्र 15 रुपये होगा, जिससे निजी वाहन मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
कुम्हारी बनेगा देश का 9वां बैरियर-रहित टोल प्लाजा
देश में ANPR (Automatic Number Plate Recognition) तकनीक आधारित बैरियर-रहित टोल वसूली प्रणाली को लागू किया जा रहा है। वर्तमान में देश के 8 टोल प्लाजा इस अत्याधुनिक प्रणाली से जुड़े हुए हैं। अब कुम्हारी देश का 9वां मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल प्लाजा बनेगा, जहां वाहन बिना रुके टोल भुगतान कर सकेंगे। इससे न केवल सफर में सुविधा बढ़ेगी, बल्कि जाम की समस्या भी कम होगी।
