CG News: छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपने ही 22 वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटना अम्बागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के कुंवारदल्ली गांव की है। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी संत कुमार अपनी पत्नी के साथ गांव से लगे जंगल किनारे एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। बीती रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने इसकी जानकारी अपने बेटे शेखर को दी।
सूचना मिलते ही शेखर मौके पर पहुंचा और अपने पिता को समझाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान आरोपी पिता आक्रोशित हो गया और पास रखी भरमार बंदूक से शेखर के सीने पर गोली चला दी। गोली लगते ही शेखर की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। गांव में घटना के बाद से शोक और भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
