Raipur Breaking: रायपुर निवासी और वर्तमान में इंदौर के बेटमा में रह रहे एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। खाना खाने के बाद एक ही परिवार की तीन सगी मासूम बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो बच्चियों की मौत इंदौर में इलाज के दौरान हुई, जबकि तीसरी बच्ची ने रायपुर लौटते समय इटारसी के अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।![]()
रास्ते में बिगड़ी तीसरी बच्ची की तबीयत
जानकारी के अनुसार, खाना खाने के बाद 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दोनों को इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन दोनों बच्चियों के शव लेकर एम्बुलेंस से रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान इटारसी के पास 10 वर्षीय आशी की भी तबीयत बिगड़ गई।
अस्पताल में तोड़ा दम
परिजन आशी को तुरंत इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन करीब एक घंटे के इलाज के बाद उसकी भी मौत हो गई।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चियों में उल्टी-दस्त की शिकायत सामने आई थी, जिससे फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
इटारसी थाना पुलिस ने बताया कि घटना की शुरुआत इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र से हुई है। इटारसी पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर प्राथमिक जांच शुरू की है और केस डायरी आगे की कार्रवाई के लिए बेटमा थाना भेजी जाएगी। पुलिस ने तीनों बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।


