CG News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में दहेज में मोटरसाइकिल और नकद राशि की मांग को लेकर प्रताड़ित किए जाने के आरोप सामने आए हैं।![]()
शादी के कुछ महीने बाद शुरू हुई प्रताड़ना
पुलिस के अनुसार टेकापार खुर्द निवासी मृतका का विवाह 24 फरवरी 2025 को अजय बघेल के साथ हुआ था। शादी के समय परिजनों ने अपनी क्षमता के अनुसार उपहार दिए थे। आरोप है कि शादी के दो-तीन महीने बाद आरोपी पति दहेज में मोटरसाइकिल नहीं मिलने और नकद राशि कम होने की बात कहकर पत्नी को प्रताड़ित करने लगा। जांच में मारपीट के आरोप भी सामने आए हैं।
पढ़ाई भी छुड़वा दी
जांच में यह भी सामने आया कि सगाई के समय दिए गए हाथ के आभूषण आरोपी ने अपने पास रख लिए थे। वहीं शादी से पहले पढ़ाई जारी रखने की सहमति होने के बावजूद उसने पत्नी को डीएड की पढ़ाई करने से रोक दिया। लगातार प्रताड़ना के कारण नवविवाहिता मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।
टॉयलेट में लगाई आग
पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन प्रताड़ना से परेशान होकर नवविवाहिता ने घर के टॉयलेट में अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पति गिरफ्तार
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 और 85 के तहत मामला दर्ज किया। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति अजय बघेल को 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
