CG Murder: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बंद मकान से सड़ी-गली हालत में शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हुई इस हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी रामचंद्र को कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।![]()
घर छोड़ने की बात पर विवाद
पुलिस के अनुसार मृतक शोभाराम और आरोपी रामचंद्र एक ही मकान में साथ रहते थे। कुछ समय बाद शोभाराम ने रामचंद्र से घर छोड़कर जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
हथौड़े से सिर पर किया हमला
विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर हथौड़े से शोभाराम के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को कमरे में छोड़कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।
कई दिनों तक मकान बंद रहने के बाद आसपास के लोगों को तेज दुर्गंध आने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का ताला खुलवाया। अंदर सड़ी-गली अवस्था में शोभाराम का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रामचंद्र को कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

