CG Fraud: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 68 वर्षीय सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक से 35 लाख रुपए की ठगी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। ठग ने खुद को IPS अधिकारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसाने की धमकी दी और वीडियो कॉल के जरिए बुजुर्ग को लगातार अपने संपर्क में रखा। समय रहते पुलिस को सूचना मिलने से ठगी की बड़ी वारदात टल गई और पूरी रकम सुरक्षित बचा ली गई।
फर्जी IPS बनकर धमकी
जानकारी के अनुसार ठग ने खुद को आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार गौतम बताकर बुजुर्ग को वीडियो कॉल किया। उसने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तारी का डर दिखाकर उन्हें मानसिक दबाव में रखा और बैंक खातों में जमा रकम एक खाते में ट्रांसफर करा ली। इसके बाद ठग पूरी राशि निकालने की तैयारी कर रहे थे।
35 लाख की ठगी का प्रयास
इसी दौरान बुजुर्ग के एक मित्र को मामले की जानकारी हुई। उन्होंने तुरंत एसएसपी को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ नागरिक को ठगी के जाल से बाहर निकाला। समय रहते कार्रवाई होने से करीब 35 लाख रुपए ठगों के हाथ लगने से बच गए।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो कॉल के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर पहले से साइबर ठगी की गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। मामले की रिपोर्ट एनसीसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
