CG Ration: छत्तीसगढ़ के राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सितंबर माह में हितग्राहियों को सितंबर और अक्टूबर दोनों महीने का चावल एक साथ दिया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। यह सुविधा एपीएल राशन कार्डधारकों को छोड़कर अन्य सभी पात्र हितग्राहियों को मिलेगी। विभाग ने सभी उचित मूल्य की दुकानों में पहले से दो महीने के चावल का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।![]()
सितंबर में मिलेगा 2 महीने का चावल
आदेश के अनुसार सितंबर माह में पात्र हितग्राहियों को सितंबर और अक्टूबर दोनों महीने का राशन एक साथ उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए सभी उचित मूल्य की दुकानों में पहले से ही पर्याप्त मात्रा में चावल पहुंचाया जाएगा। खाद्य विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को समय पर भंडारण और वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
किन राशन कार्डधारकों को मिलेगा लाभ
यह व्यवस्था एपीएल राशन कार्डधारकों को छोड़कर अन्य सभी पात्र राशन कार्डधारकों पर लागू होगी। पात्र हितग्राही सितंबर माह में ही दोनों महीनों का निर्धारित चावल प्राप्त कर सकेंगे। इसका उद्देश्य समय पर राशन वितरण और व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
राशन दुकानदारों का कमीशन बढ़ा
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन दुकानदारों के कमीशन में भी बढ़ोतरी की गई है। अब प्रति क्विंटल चावल वितरण पर 100 रुपए कमीशन मिलेगा। पहले यह राशि 90 रुपए प्रति क्विंटल थी। इसके अलावा ई-पॉश मशीन के माध्यम से खाद्यान्न वितरण पर मिलने वाली अतिरिक्त मार्जिन राशि में भी वृद्धि की गई है।
कमीशन बढ़ोतरी से विक्रेता संतुष्ट नहीं
पीडीएस विक्रेता संघ ने कमीशन में हुई बढ़ोतरी को अपर्याप्त बताया है। संघ का कहना है कि वर्तमान खर्च और बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए कम से कम 60 रुपए प्रति क्विंटल की अतिरिक्त बढ़ोतरी की जानी चाहिए थी। संघ ने सरकार से कमीशन में और वृद्धि की मांग की है।
राशन दुकानों में पहले से होगा भंडारण
सरकार के निर्देश के अनुसार सितंबर शुरू होने से पहले ही सभी उचित मूल्य की दुकानों में दो महीने के चावल का भंडारण किया जाएगा। इससे हितग्राहियों को सितंबर में ही दोनों महीनों का राशन मिल जाएगा।


