CG Ganja Smuggling: 2 करोड़ के माल समेत 5 तस्कर गिरफ्तार, तिरपाल के नीचे रखे थे ये चीज

CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। देवभोग थाना क्षेत्र में 400 किलो गांजा जब्त कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है।

चेक पोस्ट पर पकड़ा गया वाहन

कार्रवाई 24 अगस्त की रात देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव चेक पोस्ट, राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर की गई। पुलिस वाहन जांच कर रही थी, तभी ओडिशा की ओर से आ रहे एक आयशर वाहन को रोका गया। वाहन की छत पर तिरपाल के नीचे रखे संदिग्ध पैकेटों की जांच करने पर करीब 400 किलो गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में खुला नेटवर्क

वाहन में सवार संतोष अनंता मोहिते और सुमित सुभाष थोड़वे ने पूछताछ में बताया कि उनके आगे एक मोटरसाइकिल पर दो लोग रास्ता दिखा रहे थे। पुलिस ने पीछा कर मोटरसाइकिल सवार पंकज अनंता मोहिते और जलंधर खम्हारी को भी गिरफ्तार कर लिया।

सप्लाई करने वाला भी गिरफ्तार

पूछताछ में पता चला कि गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले से लाया गया था। इसके बाद पुलिस ने ओडिशा में कार्रवाई कर सप्लायर विनोद दिसारी को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से गांजा की खरीद-फरोख्त से जुड़े 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

वाहन, नकदी और मोबाइल जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 400 किलो गांजा, करीब 20 लाख रुपये कीमत का आयशर वाहन, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और कुल 6.50 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *