Raipur Job Fair: दिव्यांगजनों को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के लिए 31 अगस्त को रायपुर में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। विशेष रोजगार कार्यालय, रायपुर और डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन के पीडब्ल्यूडी सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में यह रोजगार मेला सुंदर नगर स्थित पीडब्ल्यूडी सेंटर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
मेले में इंस्टाकार्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से फ्लिपकार्ट में असिस्टेंट के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं पास दिव्यांग अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 12 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल या छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीयन होना भी आवश्यक है।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और दिव्यांगता प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
2 माह का नि:शुल्क प्रशिक्षण
रोजगार मेले के साथ ही डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन के पीडब्ल्यूडी सेंटर में दिव्यांगजनों के लिए दो माह का नि:शुल्क प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल साक्षरता, सॉफ्ट स्किल्स और कम्युनिकेशन से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण अवधि में रहने और भोजन की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए
रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विशेष रोजगार कार्यालय, रायपुर के दूरभाष नंबर 0771-4044081 पर कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होना होगा।


