Raipur Blue Water: रायपुर के नया रायपुर स्थित ब्लू वाटर में डूबे युवक आदिल खान का शव करीब 77 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार देर रात शव पानी की सतह पर दिखाई दिया, जिसके बाद SDRF और NDRF की रेस्क्यू टीम ने उसे बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को युवक के डूबने के बाद से ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी। शव गहरे पानी में होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलें आ रही थीं। इस दौरान परिजन भी लगातार शव मिलने का इंतजार कर रहे थे।
रेस्क्यू टीम ने तीन दिन तक लगातार अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार देर रात शव पानी के ऊपर आने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
दोस्तों से शर्त लगाना पड़ा भारी
मृतक की पहचान मौदहापारा निवासी आदिल खान (24) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर घूमने गया था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में एक किनारे से दूसरे किनारे तक तैरकर जाने की शर्त लगी।
शर्त के बाद आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतरे। तैरने के दौरान आदिल गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद से ही रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा था, जिसके बाद तीन दिन बाद उसका शव बरामद किया जा सका।




