CG Medical College Job: छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वास्थ्य शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए मेडिकल कॉलेजों में 125 सहायक प्राध्यापकों के पदों पर सीधी भर्ती की घोषणा की है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने इसके लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है।
इस भर्ती में पैथोलॉजी, मेडिसिन, सर्जरी, बालरोग, रेडियोलॉजी, एनेस्थीसिया, गायनेकोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन, फॉरेंसिक मेडिसिन, माइक्रोबायोलॉजी, फिजियोलॉजी, एनाटॉमी सहित कई विभागों में पद स्वीकृत किए गए हैं।

राज्य के 10 शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के 35 विभागों में 125 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन 25 नवंबर से 24 दिसंबर 2025 तक किए जा सकेंगे। जारी विज्ञापन के अनुसार इन पदों में 45 अनारक्षित, 21 अनुसूचित जाति, 43 अनुसूचित जनजाति और 16 ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान किए गए हैं।
रिक्त पद भरेंगे
इस भर्ती प्रक्रिया से प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में लंबे समय से रिक्त पड़े पद भरेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में अभूतपूर्व सुधार देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेश के भविष्य के डॉक्टरों को उच्च स्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रख रही है और यह भर्ती प्रदेश के लाखों नागरिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा का आधार मजबूत करेगी।

विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी होगी दूर – स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर सहायक प्राध्यापकों की भर्ती से मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी दूर होगी, जिससे छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा। साथ ही अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा, सरकार का यह निर्णय छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य ढांचे को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला है। यह कदम साबित करता है कि प्रदेश सरकार मेडिकल सेक्टर को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं में आम जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
