Raipur News: छत्तीसगढ़ दौरे पर आए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने शनिवार को रायपुर सेंट्रल जेल पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल और पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा से मुलाकात की। जेल में बंद दोनों नेताओं से बातचीत के बाद पायलट ने केंद्र की भाजपा सरकार पर विपक्ष को दबाने का आरोप लगाया। (Sachin Pilot met Chaitanya Baghel)
उन्होंने मीडिया से कहा, चाहे भाजपा कुछ भी कर ले, हमारा कांग्रेस परिवार एक कदम भी पीछे नहीं हटेगा। हम अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ मजबूती से खड़े हैं।

चैतन्य बघेल से की मुलाकात
सचिन पायलट ने कहा कि चैतन्य बघेल (Chaitanya Baghel) ने उन्हें बताया कि वह मजबूती से लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं को डराने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। लेकिन हम न डरेंगे और न ही झुकेंगे।

लखमा की तबीयत खराब, अधिकारियों को दिए निर्देश
जेल में बंद पूर्व मंत्री कवासी लखमा की तबीयत खराब होने की जानकारी भी पायलट ने दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनका समुचित इलाज किया जाए। उन्होंने कहा, लखमा जी का हौसला भी बुलंद है, वे मानसिक रूप से पूरी तरह मजबूत हैं।

पुरंदर मिश्रा के बयान पर किया पलटवार
रायपुर विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा दिए गए बयान पर भी सचिन पायलट ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। मिश्रा ने कहा था कि “सचिन पायलट को परिवार की चिंता है, कांग्रेस की नहीं।” इस पर जवाब देते हुए पायलट ने कहा, कांग्रेस अपने हर कार्यकर्ता और परिवार के सदस्य के लिए लड़ाई लड़ेगी। चाहे कोई भी कुछ कहे, हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।

कांग्रेस डरेगी नहीं
पायलट ने कहा कि भाजपा सरकार देशभर में केंद्रीय जांच एजेंसियों का उपयोग केवल विरोधियों की आवाज दबाने के लिए कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 सालों में किसी भी भाजपा नेता के खिलाफ कोई जांच नहीं हुई, जबकि विपक्ष के नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में यह साबित हो चुका है कि मुद्दों से ध्यान भटकाने और कांग्रेस नेताओं की छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है।
