Korba News : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सांप के डसने की घटना सामने आई है। मूढूनारा गांव में करैत सांप के डसने से 6 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के वक्त बच्ची रात में घर के आंगन में टॉयलेट कर रही थी, तभी करैत सांप ने उसे डस लिया।

मोबाइल टॉर्च की रोशनी में टॉयलेट कर रही थी बच्ची (Krait snake bite Moni rathiya)
घटना शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे की है। जब 6 वर्षीय बच्ची मोनी राठिया (snakebite death Moni rathiya) रात में घर के आंगन में टॉयलेट कर रही थी। बच्ची के पिता रूप सिंह राठिया के अनुसार, बिजली गुल थी और मोनी मोबाइल की टॉर्च जलाकर आंगन में टॉयलेट कर रही थी। इसी दौरान अचानक एक करैत सांप (Krait snake) ने उसे डस लिया।

बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर परिजन दौड़े और तत्काल एक निजी वाहन की व्यवस्था कर उसे अस्पताल ले गए। लेकिन गांव में पुल नहीं होने के कारण उन्हें 12 किलोमीटर की बजाय 27 किलोमीटर लंबा रास्ता तय करना पड़ा, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल सका और मासूम ने दम तोड़ दिया।
बता दें, गांव के पास ही एक नाला था जो उस समय उफान पर था। पुल नहीं होने की वजह से उन्हें सीधे रास्ते से न जाकर लंबा चक्कर काटना पड़ा। यह रास्ता करीब 27 किलोमीटर लंबा था, जबकि सीधा रास्ता महज 12 किलोमीटर का था।
जब वे जिला मेडिकल अस्पताल पहुंचे, तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
