Raipur news: छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग ने प्रेगनेंसी डायग्नोस्टिक किट के उपयोग और वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह आदेश छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (CGMSC) द्वारा जारी किया गया है। रोक का कारण किट की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतें बताई जा रही हैं।

CGMSC ने सभी संबंधित चिकित्सा संस्थानों को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिया है कि “Pregnancy Diagnostic Kit (Drug Code- C218)” के बैच नंबर RL-2407004 (निर्माण तिथि: 01-07-2024, समाप्ति तिथि: 30-06-2026), जिसका निर्माण M/s RecombiGen Laboratories Pvt. Ltd. द्वारा किया गया है, उसका उपयोग एवं वितरण अगले आदेश तक बंद किया जाए।
सभी स्वास्थ्य संस्थानों को जारी हुआ निर्देश

इस संबंध में आदेश पत्र संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक मेकाहारा अस्पताल रायपुर, DKS हॉस्पिटल रायपुर, सीएमएचओ रायपुर, सिविल सर्जन समेत सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को भेजा गया है। यदि किसी संस्था में उक्त बैच की किट मौजूद है, तो उसका उपयोग नहीं किया जाएगा।
क्या है वजह?
बताया जा रहा है कि इस बैच की किट को लेकर बीते कुछ समय से लगातार गुणवत्ता संबंधी शिकायतें मिल रही थीं। कुछ मामलों में टेस्ट परिणामों में गड़बड़ी पाई गई थी, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन यह कदम उठाया है।
