Bolod News: गांव में हैंड पंप और घरों के दरवाजे के पास मिला नींबू-बंदन और कठपुतली, ग्रामीणों में दहशत

Bolod News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अंगारी (angari)  गांव में काला जादू का मामला सामने आया है। जहां शुक्रवार सुबह कई ग्रामीणों ने अपने घर के सामने नींबू, पीला चावल, लाल धागा, और लकड़ी की कठपुतली जैसी चीजें देखी। जिससे गांव में डर और तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसे टोटका या काला जादू का संकेत माना।

 

बता दें कि शुक्रवार सुबह गांव के लोग उठे तो उन्होंने अपने दरवाज़े पर कटा हुआ नींबू, पीला चावल, राख, और पुतली जैसी अजीब चीजें देखीं। लोगों में भय इतना था कि कुछ तो मुख्य द्वार छोड़कर पिछले रास्तों या खिड़कियों से बाहर निकले।

 

ग्रामीणों ने थाने में की शिकायत

गांव के पटेल हेमंत कुमार सिन्हा ने बताया यह जो भी है उससे हम नहीं लड़ सकते, इसलिए थाने में शिकायत की जा रही है। जहां से पानी भरते हैं, वहां भी यह सामान मिला है। हम डर में जी रहे हैं। वरिष्ठ ग्रामीण जागेश्वर पटेल ने कहा- लोग इतने डरे हैं कि दरवाज़ा खोलने से भी कतरा रहे हैं। गांव इकट्ठा हुआ है ताकि मिलकर कुछ उपाय निकाल सकें। यह किसने किया, हमें नहीं पता।

 

अंधविश्वास से बचने की अपील (black magic fear)

अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश मिश्रा ने इस मामले में कहा, यह किसी शरारती व्यक्ति की हरकत हो सकती है। इसमें कोई जादू-टोना नहीं है। नींबू, चावल, राख जैसी चीजें हमारे दैनिक जीवन में उपयोग होती हैं। ग्रामीण अंधविश्वास में न पड़ें और घबराएं नहीं। पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *