UPSC Exam 2026: रायपुर: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 आज से शुरू हो गई है। रायपुर में परीक्षा का आयोजन जेआर दानी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, कालीबाड़ी चौक में किया जा रहा है। परीक्षा 21, 22, 23, 29 और 30 अगस्त को आयोजित होगी। इस बार कुल 185 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।![]()
दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए केंद्र पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
फेस आइडेंटिफिकेशन से मिलेगी एंट्री
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में फेस आइडेंटिफिकेशन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पहले केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
समय से पहले पहुंचने की अपील
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। परीक्षा के सभी दिनों में आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
परीक्षा संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर रायपुर उत्तम प्रसाद रजक को सहायक समन्वयक पर्यवेक्षक बनाया गया है। वहीं, विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को कंट्रोल रूम प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


