CG News: आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को हर वर्ष 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। डिग्री पाठ्यक्रम की अवधि के अनुसार छात्रवृत्ति 2 से 5 वर्षों तक मिलेगी। इस तरह छात्राओं को अधिकतम 1 लाख 50 हजार रुपए तक का लाभ मिल सकेगा।![]()
2 चरणों में होंगे आवेदन
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति योजना के आवेदन दो चरणों में लिए जाएंगे। पहला चरण 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक और दूसरा चरण 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक चलेगा। इस चरण में 19 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की पात्र छात्राएं आवेदन कर सकेंगी।
इन छात्राओं को मिलेगा लाभ
योजना के तहत सरकारी विद्यालयों में 10वीं या 12वीं कक्षा में नियमित रूप से अध्ययनरत छात्राएं आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी सरकारी संस्थान या चयनित निजी महाविद्यालय अथवा विश्वविद्यालय में 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले डिग्री पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राएं भी आवेदन कर सकती हैं।
ऑनलाइन करना होगा आवेदन
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन ऑनलाइन किया जाएगा। आवेदन के दौरान पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, शैक्षणिक अंकसूची और प्रवेश से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की स्पष्ट रंगीन प्रतियां अपलोड करनी होंगी।
आवेदन प्रक्रिया
आवेदन करने से पहले छात्राओं को पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर आवेदन पत्र भरना होगा। आवेदन जमा होने के बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आवेदन पहचान संख्या भेजी जाएगी। अंतिम तिथि से पहले आवेदन में आवश्यक संशोधन कर दोबारा जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

