Raipur Paper Leak: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक (IGKV Paper Leak) मामले को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन के सामने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदार अधिकारियों के इस्तीफे की मांग करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया।
नकली नोट और डायपर लेकर किया प्रदर्शन
एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नकली नोट और डायपर रखकर विरोध जताया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
परीक्षा रद्द
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में B.Sc. द्वितीय वर्ष के Pest Management in Crops and Stored Grains-I (AENT 221) विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले लीक होने की शिकायत मिलने पर विश्वविद्यालय ने परीक्षा रद्द कर दी थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया है कि यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और नई तिथि अलग से घोषित की जाएगी।
पांच सदस्यीय जांच समिति गठित
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक के अनुसार, कवर्धा से मिली शिकायत के आधार पर परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया। प्रश्नपत्र रायपुर में तैयार होकर राज्य के 28 कॉलेजों में भेजा जाता है। पूरे मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति बनाई गई है, जिसे एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
एनएसयूआई ने मांग की है कि जांच पूरी होने के बाद पेपर लीक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




