CG Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को रायपुर समेत 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार शहर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बारिश की संभावना बनी रहेगी। रायपुर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लगातार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
सिनोप्टिक सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा तट पर बना अवदाब उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसके पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
कोरबा में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक 17 सेंटीमीटर बारिश कोरबा में दर्ज की गई। इसके अलावा कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेंटीमीटर, अजगरबहार में 9 सेंटीमीटर और डौंडीलोहारा में 7 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। ओडगी, रायपुर शहर, छाल और कापू में 6-6 सेंटीमीटर, जबकि कई अन्य क्षेत्रों में 3 से 5 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
इन जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश की संभावना है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।



