Raipur News: रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन को बिलासपुर हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। फर्जी खबरें प्रकाशित करने, AI टूल की मदद से तस्वीरों में छेड़छाड़ करने और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर ब्लैकमेलिंग करने के आरोप में गिरफ्तार दीपक टंडन की जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी है। नवम सत्र न्यायाधीश की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए यह फैसला सुनाया।
न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों की छवि खराब करने वाली खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। आरोप है कि वह एआई तकनीक की मदद से लोगों की तस्वीरों में बदलाव कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद ऐसी सामग्री और भ्रामक खबरें प्रसारित कर लोगों से पैसे वसूलने का दबाव बनाया जाता था।
इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस मामले की जांच के दौरान लगातार डिजिटल साक्ष्यों को जुटा रही है।
6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले की जांच के बाद 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। इस दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए थे।
पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है। इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है।
प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर पहुंचा आरोपी
जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस दीपक टंडन को प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर से रायपुर लेकर पहुंची। यहां उसे अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर, कोरबा और सक्ती समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में करीब 10 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें होटल पर अवैध कब्जा, जमीन से जुड़े विवाद, फर्जी सौदे, वाहन बिक्री के नाम पर ठगी, कारोबारियों से पैसे मांगने और धमकी देने जैसे आरोप शामिल हैं।
एआई तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग के आरोपों की भी जांच जारी है। पुलिस जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सामग्री की जांच कर मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने में जुटी है।


