Korba Factory Fire: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को अचानक तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। घटना के समय फैक्ट्री के अंदर मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद आग तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।![]()
आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग फैक्ट्री परिसर में खड़ी एक ट्रक तक भी पहुंच गई, जिससे आग और तेजी से फैल गई। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई।
आग बुझाने में जुटीं दमकल की टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी और अन्य संबंधित विभागों की दमकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। कई दमकल वाहन लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। आग की तीव्रता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
सभी मजदूर सुरक्षित
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि फैक्ट्री में मौजूद सभी मजदूर सुरक्षित हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन की पहली प्राथमिकता आग पर जल्द से जल्द काबू पाना और बड़े नुकसान को रोकना है।
पहले भी हो चुका है हादसा
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के संचालक का नाम अंकुश अग्रवाल बताया जा रहा है। इससे पहले भी इसी फैक्ट्री में विस्फोट की घटना हो चुकी है। उस हादसे में फैक्ट्री को काफी नुकसान हुआ था, हालांकि कर्मचारी सुरक्षित बच गए थे।
इलाके को किया गया सील
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे घटनास्थल को सील कर दिया है। आम लोगों के प्रवेश और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रोक रखा है, ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद प्रशासन घटना के कारणों की जांच करेगा।




