Commonwealth Games 2026: भारत की स्टार मुक्केबाज जैस्मिन ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 57 किलोग्राम वर्ग का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने दमदार खेल दिखाते हुए प्रतिद्वंद्वी को हराकर भारत की झोली में एक और गोल्ड मेडल डाला।![]()
वहीं भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में उन्होंने जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को 5-0 से हराकर कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। अब फाइनल में उनका मुकाबला कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो से होगा।
वेट कम करना सबसे बड़ी चुनौती
सेमीफाइनल जीतने के बाद प्रीति पवार ने कहा कि मुक्केबाजों के लिए वेट कम करना सबसे कठिन प्रक्रिया होती है। उन्होंने बताया कि इस दौरान खिलाड़ी ठीक से खाना भी नहीं खा पाते, लेकिन यही चुनौती उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान फाइनल मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतने पर है।
सेमीफाइनल में दिखाया शानदार खेल
प्रीति ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। तेज जैब, सटीक पंच और बेहतरीन फुटवर्क की बदौलत उन्होंने कैथरीन म्वापे पर लगातार दबाव बनाए रखा। पूरे मुकाबले में उनका दबदबा कायम रहा और उन्होंने सर्वसम्मत फैसले से जीत दर्ज की।
अब स्वर्ण पदक पर नजर
फाइनल में पहुंचने के बाद प्रीति ने कहा कि भारत के लिए पदक सुनिश्चित करना गर्व की बात है। उन्होंने भरोसा जताया कि फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने की पूरी कोशिश करेंगी। साथ ही उन्होंने भारतीय सेना, भारतीय मुक्केबाजी महासंघ, भारतीय खेल प्राधिकरण और जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स का आभार भी जताया।

