Mahasamund Murder: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में युवती की हत्या कर शव को नाले की रेत में दफनाने के मामले में पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती शादी का दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। मामला खल्लारी थाना क्षेत्र के झारा गांव का है।![]()
बर्थडे की रात घर से निकली थी युवती
जानकारी के अनुसार भारती टंडन (18) ने 11वीं कक्षा उत्तीर्ण कर 12वीं में प्रवेश लिया था। वह 19 जून को अपना जन्मदिन मनाने के बाद देर रात करीब 3 बजे घर से निकल गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर 20 जून को खल्लारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
Mahasamund Murder: बर्थडे की रात छात्रा का मर्डर, रेत में दबी मिली लाश; खोपड़ी भी टूटी
रेत में दबा मिला शव
22 जून को ग्रामीणों ने गांव से कुछ दूरी पर एक नाले की रेत में दबा शव देखा। शव का कुछ हिस्सा बाहर निकला हुआ था और वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। रेत हटाकर शव बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान भारती टंडन के रूप में हुई।
शादी के दबाव से परेशान था नाबालिग
पुलिस जांच में पता चला कि भारती का उसी स्कूल में पढ़ने वाले एक नाबालिग छात्र से प्रेम संबंध था। युवती उससे शादी करना चाहती थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। पुलिस ने कॉल विवरण और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
शादी का भरोसा देकर बुलाया
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह युवती से पीछा छुड़ाना चाहता था। उसने फोन पर शादी करने का भरोसा दिया और जन्मदिन की रात मिलने के लिए बुलाया। आरोपी की बातों पर भरोसा कर युवती अपने साथ कपड़े और जरूरी सामान लेकर उससे मिलने पहुंची।
पहले सेक्स किया फिर मर्डर
पुलिस जांच के अनुसार दोनों नाले के पास मिले, जहां उनके बीच शारीरिक संबंध बने। इसके बाद आरोपी ने युवती से कहा कि वह उसे जन्मदिन का खास उपहार देना चाहता है और आंखें बंद करने को कहा। आरोप है कि जैसे ही युवती ने आंखें बंद कीं, आरोपी ने पीछे से भारी पत्थर उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव होने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
शव को रेत में दबाकर छिपाए सबूत
हत्या के बाद आरोपी ने शव को नाले की रेत में दबा दिया ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिले। उसने घटनास्थल पर पड़े सामान को भी छिपाने की कोशिश की। जांच के दौरान पुलिस ने पुल के नीचे से युवती का बैग, लेगिंग्स, बालों के गुच्छे और अन्य सामान बरामद किया, जिसे जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने नाबालिग आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।




