रायपुर | Raipur Breaking : जिले में में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को ठगों ने अपना निशाना बना लिया। आरोपी ने खुद को भाजपा नेता नितिन नबीन का निजी सहायक बताया और जंगल में गाड़ी का डीजल खत्म होने की बात कहकर मदद मांगी। भरोसे में लेकर आरोपी ने विधायक से 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।\

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले 4500 रुपए और फिर 5500 रुपए अलग-अलग ट्रांजेक्शन में खाते में डलवाए। विधायक के कहने पर जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा ने रकम ट्रांसफर की। लेकिन कुछ देर बाद आरोपी ने फिर पैसों की मांग शुरू कर दी, जिसके बाद शक होने पर जांच की गई और ठगी का खुलासा हुआ।
मामले की शिकायत खम्हारडीह थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच शुरू कर दी है। वहीं साइबर टीम आरोपी की लोकेशन और बैंकिंग ट्रेल खंगाल रही है।
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है और अपराधियों में अब सरकार का डर खत्म होता जा रहा है।
