Raipur News: रायपुर शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने और लोगों में डर का माहौल बनाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। आजाद चौक और टिकरापारा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो चाकू और एक तलवार बरामद की गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध हथियार रखने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
आजाद चौक पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध चाकू लेकर इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी कुलदीप निर्मलकर (24) को गिरफ्तार किया।
आरोपी टिकरापारा क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से चाकू बरामद किया है। मामले में अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पेट्रोलिंग के दौरान पकड़े 2 युवक
टिकरापारा पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान 22 नवंबर को पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो युवकों को गिरफ्तार किया।
मोहम्मद कौनेन (19), निवासी मदनी चौक, संजय नगर के पास से पुलिस ने चाकू जब्त किया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1064/2026 दर्ज किया गया है।
वहीं मोहम्मद अहमद (25), निवासी ख्वाजा गली, संजय नगर के कब्जे से तलवार बरामद की गई। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1065/2026 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध हथियार रखने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर हथियार दिखाकर भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।


