Korba Car Fire: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना कोरबा-कटघोरा मार्ग स्थित जेलगांव नेशनल हाईवे की है, जहां देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। कार में सवार तीन लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक, कार में भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री विकास महतो के भाई डॉ. विवेक महतो समेत तीन लोग सवार थे। इसी दौरान अचानक चलती कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ मिनटों के भीतर पूरी कार जलकर खाक हो गई।
घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही सीएसईबी की फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार धू-धू कर जलती दिखाई दे रही है।

