Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दो दिनों से लापता युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की लाश फुटहामुड़ा के जंगल में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामला केरेगांव थाना क्षेत्र का है।![]()
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान पुनुराम मंडावी के रूप में हुई है, जो माकरदोना गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह दो दिन पहले घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और किसी अनहोनी की आशंका जताई।
तलाश के दौरान युवक की लाश फुटहामुड़ा के जंगल में मिली। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेज दिया।
फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी मिल सकेगी। मामले की जांच जारी है।
जिला अस्पताल धमतरी के डॉक्टर राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि केरेगांव थाना क्षेत्र के माकरदोना गांव निवासी पुनुराम मंडावी का शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

