CG Petrol Diesel Price: रायपुर: देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद छत्तीसगढ़ में अब ईंधन आपूर्ति व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर भीड़ कम हो गई है और लोगों को 8 से 10 मिनट के भीतर पेट्रोल-डीजल मिल रहा है।![]()
राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत 103.58 रुपए प्रति लीटर और डीजल 96.57 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं निजी कंपनी जियो के फ्यूल स्टेशनों पर कीमतों में करीब 5 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई को लेकर फैली चर्चाओं के बाद प्रदेश के कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई थीं। रायपुर समेत कई शहरों में लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवाते नजर आए। कुछ जगहों पर पंपों के अस्थायी रूप से बंद होने की स्थिति भी बनी थी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि प्रदेश में कुल 2516 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं। रायपुर में 326 में से 35 पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट हुए थे, जबकि बिलासपुर में 156 में से 9 पंपों पर ईंधन खत्म होने की स्थिति बनी थी।
प्रशासन का कहना है कि ईंधन की सप्लाई सामान्य है और अफवाहों के चलते लोगों ने सामान्य से अधिक फ्यूल भरवाया, जिससे कुछ स्थानों पर दबाव बढ़ गया। वहीं कोरबा जिले में स्थिति सामान्य बनी हुई है।


