CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग ने 13 से 16 मई के बीच प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।![]()
मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश से मणिपुर तक बनी ट्रफ लाइन और बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। कई इलाकों में बिजली गिरने और आंधी चलने की भी संभावना है।
हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा, लेकिन तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
रायपुर में आज का मौसम
रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजधानी में गरज-चमक, हल्की बारिश और धूलभरी आंधी का अलर्ट जारी किया है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


