Balrampur Students Dance Video: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के बाद अश्लील भोजपुरी गीत बजाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद स्कूल परिसर में भोजपुरी गाना “लहरिया लूटा ए राजा” बजाया गया, जिस पर छात्र-छात्राओं ने डांस किया। इस दौरान अभिभावक भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने इस पर आपत्ति जताई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने स्कूल के प्रिंसिपल बसंत गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। DEO ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के बाद हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी को स्कूल में गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद स्कूल परिसर में भोजपुरी गाना बजाया गया। छात्र-छात्राएं स्टेज और स्कूल परिसर में गाने पर नृत्य करने लगे। पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने इसे स्कूल की गरिमा के खिलाफ बताया, वहीं कुछ पोस्ट में मंत्री रामविचार नेताम के पुराने बयान का हवाला देते हुए तंज कसा गया, जिसमें उन्होंने एक अन्य मामले में अश्लील नृत्य को कला बताया था।
DEO ने जारी किया नोटिस
बलरामपुर DEO मनी राम यादव ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर स्कूल प्रबंधन से जवाब तलब किया गया है। नोटिस में पूछा गया है कि शैक्षणिक संस्थान में, वह भी अभिभावकों की मौजूदगी में, इस तरह का गाना कैसे बजाया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल अभिभावकों की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है।
