Bilaspur Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब 6 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। मामला पाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मिलनदास (55 वर्ष), निवासी ग्राम करतला के रूप में हुई है। वह रविवार रात काम निपटाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रतनपुर-पाली के बीच नेशनल हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। ट्रेलर के पहिए के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुआवजे और ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
मुआवजे की मांग पर अड़े रहे परिजन
लेकिन पहले ही हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई थी। वहीं, घटनास्थल पर रतनपुर टीआई निलेश पांडेय और एडिशनल एसपी अर्चना झा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने भीड़ को समझाइश देने का प्रयास किया। लेकिन, लोग मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।


पुलिस की समझाइश के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्हें समझाइश और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अलावा परिजनों को मुआवजा राशि भी दी गई। तब जाकर उन्होंने चक्काजाम खत्म किया।
आरोपी चालक पर केस दर्ज
एडिशनल एसपी ग्रामीण अर्चना झा ने बताया कि ग्राम बगदेवा में नेशनल हाईवे क्रॉस कर रहे शख्स को ट्रेलर ने चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने चक्काजाम किया था। समझाइश और मुआवजा राशि देने के बाद मामला शांत हुआ है। आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
