Raipur News: राजधानी रायपुर में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र से आया है। जहां भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के बेटे ने बाइक सवारी युवक को कुचल दिया। इस मामले में पुलिस ने विधायक के बेटे को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। वहीं अन्य 3 आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है. रविवार-सोमवार की दर्मियानी रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम के पास लगभग 2 बजे एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को कुचल दिया. इस घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है.

बताया जा रहा है कि कार में भाजपा विधायक के बेटे लक्की सिंह समेत 2 युवक और 2 युवती सवार थे. इस दौरान विधायक के बेटे लक्की कार ड्राइव कर रहे थे. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी लक्की को हिरासत में लिया. वहीं अन्य तीन लोग मौके से फरार हो गए.
तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि मामले में विधायक के बेटे लक्की सिंह के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. साथ ही उसके साथी आरोपियों की तलाश भी की जा रही है. जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा.
