CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिन भारी बारिश, कई जिलों में यलो अलर्ट जारी, रायपुर में घने बादल

CG Weather Update:

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में सावन माह के अंत तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर अगले सात दिनों के दौरान मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश और उसके आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका अमृतसर, मुजफ्फरनगर, कानपुर, निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है।

CG Weather Update

उत्तरी ओडिशा और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण भी बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों और मानसून की सक्रियता के प्रभाव से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शनिवार को मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

रायपुर में सुबह से बदला मौसम

राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। शहर के कई इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार 22 अगस्त को रायपुर में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान एक-दो बार गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है।

इन इलाकों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान राजपुर और बिहारपुर में 4-4 सेंटीमीटर, डोंगरगढ़ में 3 सेंटीमीटर तथा जनकपुर भरतपुर और दुर्ग में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा रेंगाखार कला, सारागांव, राजनांदगांव, साल्हेवारा, प्रेमनगर, पिपरिया, कोटाडोल, भैरमगढ़, गीदम, खरोरा, पसान, चांपा, केल्हारी, मोहला और घुमका में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

इन जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के मध्य और उत्तर हिस्से के कई जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।

तापमान का हाल

पिछले 24 घंटों में जगदलपुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *