CG Lightning Strike: आम बीनने पेड़ के नीचे खड़े थे मासूम; बिजली गिरने से 2 बच्चों समेत 3 की मौत, 1 बच्ची गंभीर

Lightning Strike:

CG Lightning Strike: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी गांव में सोमवार शाम पेड़ के नीचे खड़े 2 बच्चों और एक युवक की बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका इलाज जारी है।

tcw

आम बीनने गए थे बच्चे

जानकारी के अनुसार, गांव के तीन बच्चे आम बीनने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान बैल चरा रहा एक युवक भी वहां पहुंच गया। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में चारों आ गए।

2 बच्चों और युवक की मौत

हादसे में 5 वर्षीय सागर, 9 वर्षीय रानी और 36 वर्षीय राम साय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सागर की 12 वर्षीय बड़ी बहन श्रद्धा गंभीर रूप से झुलस गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रदेश में बढ़ा आकाशीय बिजली का खतरा

सोमवार शाम रायगढ़ समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में मानसून पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लेगा। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक, तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *