Bilaspur Theft: बिलासपुर में लगातार हो रही बकरा-बकरी चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए मध्यप्रदेश के एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और 1.50 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। आरोपी पहले गांवों में रेकी करते थे और मौका मिलते ही बकरा-बकरियां चोरी कर स्कॉर्पियो में भरकर फरार हो जाते थे।![]()
ऐसे हुआ खुलासा
रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चकराभाठा निवासी समन सिंह पैकरा ने 21 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 जून की रात अपने 4 बकरे और 15 बकरियों को कोठा में बंद करने के बाद सुबह देखा तो ईंट की दीवार टूटी हुई थी और सभी 19 बकरा-बकरियां चोरी हो चुकी थीं।
इसी दौरान चकराभाठा, बिल्हा और रतनपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं को देखते हुए रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम जांच में जुटी। पूछताछ के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश के इस गिरोह का खुलासा किया।
खेत लेवलिंग के बहाने करते थे रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मध्यप्रदेश से स्कॉर्पियो लेकर गांवों में पहुंचते थे और खेत समतलीकरण का काम मांगने के बहाने इलाके की रेकी करते थे। इस दौरान वे बकरा-बकरी पालने वाले घरों की पहचान कर लेते थे। मौका मिलते ही रात के समय सुनसान जगहों और घरों में बने कोठों को निशाना बनाकर बकरा-बकरियां चोरी कर फरार हो जाते थे।
1.75 लाख रुपए में बेची थीं चोरी की बकरियां
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चकराभाठा से चोरी की गई 19 बकरा-बकरियों को उन्होंने 1.75 लाख रुपए में बेच दिया था। इसमें से 25 हजार रुपए खर्च हो चुके थे, जबकि शेष 1.50 लाख रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए। चोरी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली गई है।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के गोरा बाजार निवासी बबलू खान (57), उमरिया निवासी अमूर खान (66), अमीन खान (41), हबीम खान (35), शाहरूख खान (22) तथा उत्तरप्रदेश के अमरोहा जिले के रजकपुर निवासी मोहम्मद अच्छन (33) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




