Bilaspur Accident: बिलासपुर में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक CRPF जवान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान ओवरब्रिज के पास गुरुवार तड़के हुआ।
मृतक जवान की पहचान मनीष कुमार आदिले के रूप में हुई है, जो छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। वे गुरु घासीदास जयंती समारोह मनाकर बाइक से बिलासपुर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, मनीष कुमार आदिले कोरबा जिले के हरदीबाजार स्थित जोरहाडबरी गांव के निवासी थे और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग श्रीनगर में थी। उनका परिवार बिलासपुर में भी रहता है। बुधवार को वे अपने दोस्त उदय पाल के साथ गांव से लौट रहे थे।

गुरुवार तड़के करीब तीन बजे लालखदान ओवरब्रिज के पास हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। मनीष के सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उदय पाल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद गुरुवार को अंतिम संस्कार किया गया। वहीं घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।
